तीन साल में चार गुना तक बढ़ी सीटेट कैंडिडेट्स की संख्या, 2019 में 22% ही हुए क्वालिफाय

एजुकेशन डेस्क. 23 सितंबर 2019 को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि केंद्र सरकार के स्कूलों में 14000 और राज्य सरकार के स्कूलों में शिक्षकों के लगभग 84000 पद खाली हैं, जिनमें से केंद्रीय स्कूलों के 14000 पद अधिसूचित हैं यानी इन पर जल्द ही भर्ती की जाएगी। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने जुलाई 2020 में होने जा रही सीटेट परीक्षा का ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 


केंद्र सरकार के संचालित स्कूलों में मिलेगी नौकरी


इस परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा संचालित केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सर्वोदय विद्यालय, केंद्रीय तिब्बत स्कूल आदि में शिक्षक के तौर पर नौकरी करने का मौका कैंडिडेट्स को मिलेगा। वे युवा जो टीचिंग में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं, उनके लिहाज से यह परीक्षा काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में जरूरी है कि ऐसी स्ट्रैटजी तैयार की जाए जो आपको कटऑफ के बैरियर के पार पहुंचा सके। कैंडिडेट्स की कुछ ऐसी ही मुश्किलों को आसान बना रहे हैं एग्जाम एक्सपर्ट प्रशांत सिंह और महेंद्र कुमार।


प्राइमरी के लिए पेपर 1 और एलिमेंट्री लेवल के लिए है पेपर 2
परीक्षा में दो पेपर शामिल हैं, पेपर-1 और पेपर-2, लेकिन ये दो चरण नहीं हैं। पेपर-1 उन कैंडिडेट्स को क्वालिफाय करना होता है जो प्राइमरी स्तर (कक्षा पहली से पांचवीं) के शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करना चाहते हैं। वहीं एलिमेंट्री लेवल (कक्षा छठवीं से आठवीं) के शिक्षक की पात्रता हासिल करने के लिए पेपर-2 क्वालिफाय करना होता है। कैंडिडेट्स दोनों पेपर्स में भी शामिल हो सकते हैं।


पेपर 1- पिछले पांच सालों का ट्रेंड और स्ट्रैटजीचाइल्ड डेवलपमेंट एंड पेडागोजी
इस सेक्शन से 6-11 आयु वर्ग के स्टूडेंट्स से जुड़े कुल 30 सवाल आते हैं। अधिकतर सवाल शिक्षा मनोविज्ञान से जुड़े होते हैं। ट्रेंड बताता है कि स्पेशल चिल्ड्रन्स से जुड़े 5-8 सवाल परीक्षा में हर साल जरूर पूछे जाते हैं जबकि स्टूडेंट्स तैयारी के समय इन सवालों पर ही ध्यान नहीं देते। बेहतर स्कोर के लिए शिक्षा मनोविज्ञान की किसी एक किताब से पहले सिलेबस पूरा करें। इसके बाद मॉक टेस्ट देना शुरू करें।


लैंग्वेज 1 और लैंग्वेज 2 
लैंग्वेज 1 और लैंग्वेज 2 दो अलग-अलग सेक्शन हैं। दोनों में 30-30 सवाल आते हैं। इनमें से 50% सवाल रीडिंग कॉम्प्रिहेन्शन और 50% सवाल पेडागोजी के होते हैं। उसी भाषा से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं, जिसे कैंडिडेट ने लैंग्वेज 1 और लैंग्वेज 2 के रूप में चुना है। अधिकतर कैंडिडेट्स लैंग्वेज 1 के रूप में हिंदी और लैंग्वेज 2 के रूप में इंग्लिश को ही चुनते हैं। अगर 12वीं स्तर की प्रतियोगी परीक्षा से तुलना की जाए, तो इस परीक्षा का रीडिंग सेक्शन आसान होता है। 


मैथेमैटिक्स  
इस सेक्शन में 15 सवाल विषय से संबंधित और 15 पेडागोजी के आते हैं। पिछला ट्रेंड बताता है कि पेपर-1 के मैथेमैटिक्स सेक्शन में एनसीईआरटी के सिलेबस से ही सवाल पूछे जाते हैं। यानी पहली से 6वीं कक्षा तक के मैथेमैटिक्स के सभी कॉन्सेप्ट्स की तैयारी करना काफी होगा। मैथ्स में पेडागोजी के लिए स्टूडेंट्स का रुझान बढ़ाने से जुड़े सवालों पर अधिक फोकस करना चाहिए।